शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश संभागीय परिवहन कार्यालय लखनऊ में वरिष्ठ सहायक श्याम गांगुली और विनय कुमार शाही के खिलाफ लखनऊ में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के विरोध में स्थानीय कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले गए हैं। बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहेगा। इससे कार्यालय में काम प्रभावित हो रहा है।
उत्तर प्रदेश संभागीय परिवहन संघ के प्रांतीय आह्वान पर कार्य बहिष्कार कर रहे मोहम्मद सलमान, सुनील कुमार मिश्र, राफिया बेगम, विनोद कुमार द्विवेदी, विनीत कुमार सिंह ने बताया कि जब तक प्रदेश कार्यालय के कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज कराई गई झूठी लूट की रिपोर्ट को समाप्त नहीं किया जाता, तब वे लोग शांत नहीं बैठेंगे। कर्मचारियों ने कहा कि कार्यालय में वाहन स्वामियों की भीड़ के बीच में यदि कोई भी व्यक्ति दबाव बनाकर काम करवाना चाहता है तो इससे विवाद की स्थिति पैदा होती है। इस कारण कार्यालय में काम करना भी मुश्किल हो जाता है। लखनऊ कार्यालय में कुछ इसी तरह की घटना हुई और जब कर्मचारियों ने विरोध किया तो उस उल्टा कर्मचारियों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। इससे तो कर्मचारियों को और भी काम करना मुश्किल हो गया।