आतंकवादियों से लड़कर देश में जिले की शान बढ़ाने वाले कमांडो अनिल सिंह चौहान ने समाजसेवा के क्षेत्र में भी काम करना जारी रखा है। छुट्टियों पर अपने गढ़िया रंगीन स्थित पैतृक गांव पहुंचे कमांडो अनिल ने क्षेत्र में कई स्थानों पर नेत्र परीक्षण कैंप लगवाकर चिह्नित मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन कराए।
अनिल ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग से जूनियर हाई स्कूल मथाना, संस्कृत पाठशाला खुदागंज और जूनियर हाई स्कूल परौर में शिविर लगवाकर सैकड़ों महिला-पुरुषों के नेत्रों की जांच कराई। उन्होंने बताया कि कैंपों में कुल 1150 लोगों की आंखों का परीक्षण कराया गया। नेत्र परीक्षण कैंप में मथाना में 80, खुदागंज में 107 और परौर में 95 लोग मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिह्नित किए गए। कमांडो चौहान ने इन सभी का निशुल्क इलाज और सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में ऑपरेशन कराकर उन्हें उनके घर पहुंचवाया।
शिविर के आयोजन में डॉ. प्रभात चौधरी, अशोक चौहान, अवनीश सिंह, शिंकू सिंह, राजेश सिंह, रमनपाल सिंह, सुखवीर सिंह, नत्थू सिंह, सत्यभान सिंह आदि का योगदान रहा।