शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों के तबादलों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। अभी तक 248 शिक्षक तबादले के बाद रिलीव होकर नए स्कूल में तैनाती पा गए हैं। वहीं 15 शिक्षकों के ट्रांसफर होने के बाद भी एकल विद्यालयाें के चलते रिलीव नहीं किए गए हैं। ऐसे शिक्षक सिफारिशें लगवा रहे हैं।
जनपद के अंदर ही छात्र अनुपात से ज्यादा शिक्षक होने पर परिषद ने तबादलों को शुरू किया था। हर ब्लाॅक में विकल्प वाले स्कूलों की सूची भी जारी की थी। जनपद के करीब तीन सौ से ज्यादा शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इसमें 263 शिक्षकों को तबादले के लिए मंजूरी मिल गई थी। परिषद से तबादलों को हरी झंडी मिलने के बावजूद स्थानीय स्तर पर रिलीव ऑर्डर को अटका दिया।
मंथन के बाद स्कूलों से शिक्षकों को रिलीव करना शुरू कर दिया है। इसमें 247 शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। जबकि 15 शिक्षकों को रिलीव नहीं किया गया। इन शिक्षकों के स्कूलों में कोई दूसरा शिक्षक नहीं है। शिक्षक को रिलीव कर एकल विद्यालय में शिक्षामित्र या अनुदेशक को वित्तीय चार्ज नहीं मिल सकता है।
ऐसे में शिक्षकों को कार्यमुक्त नहीं किया गया है। बीएसए ने बताया कि अधिकतर शिक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया है। कुछ ही शेष बचे हैं।