फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: 224 मिमी वर्षा...40 वर्षों के रिकाॅर्ड में अब तक 12 घंटों में इतनी बारिश नहीं

विज्ञापन
नए नगर निगम कार्यालय में भरा बारिश का पानी। संवाद
विज्ञापन
शाहजहांपुर। 12 घंटों में 224 मिमी बारिश से शहर के साथ ही जिलेभर में जलभराव के हालात पैदा हो गए। गन्ना शोध परिषद के 40 वर्षों के रिकाॅर्ड में 12 घंटों में इतनी बारिश कभी नहीं हुई है। रविवार को देर रात तक शहर में दो से चार फुट तक पानी भरा रहा। अभी बारिश के आसार बने हुए हैं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और तकनीकी खामी आने से पूरे शहर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई।
विज्ञापन

रविवार शाम को पांच बजे तेज बारिश शुरू हुई जो लगातार दस बजे तक होती रही। इसके बाद रुक-रुककर सुबह पांच बजे तक बारिश हुई। इसके बाद भी हल्की बूंदाबांदी होती रही। बारिश से लोधीपुर में दीवार ढह गई। इसमें बिजली का खंभा टूटने से विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। कनौजिया मोड़ पर पाकड़ का पेड़ कार पर गिर गया। अलीजई में नेशनल स्कूल के पास दीवार ढह गई। इससे आवागमन बाधित हो गया। मोहल्ला रंगीन चौपाल में पेड़ गिर गया।
बारिश से शहर की मुख्य सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। अधिकतर मोहल्लों में लोगों के घरों में पानी घुस गया। अंटा चौराहा से हनुमतधाम जाने वाली रोड पर करीब दो फुट पानी भर गया। इसकी वजह से ब्रज बिहार कॉलोनी में काफी जलभराव हो गया। लोगों के घरों में पानी पहुंच गया। नगर निगम के पुराने भवन में अंदर तक पानी भर गया। अधिकारियों के मुताबिक अभिलेखों को नुकसान नहीं पहुंचा है। ककरा स्थित नगर निगम के नए भवन परिसर में भी जलभराव हो गया। कई जगह सड़क धंसने से आवागमन बाधित हुआ।
विज्ञापन


रिकाॅर्ड में नहीं मिली 224 मिलीमीटर बारिश
गन्ना शोध संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि संस्थान के पास मौजूद 1986 तक के रिकाॅर्ड में 12 घंटों में 224 मिमी बारिश दर्ज नहीं है। वर्ष 2013 की जुलाई में 12 घंटों में 160 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। सोमवार को अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस था। अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि वायुदाब सामान्य है। उत्तरी हवा चल रही है। इससे फिर से बारिश के आसार बन रहे हैं। डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक, सितंबर में औसतन 164 मिमी बारिश होती है। इस बार 12 घंटे में ही 224 मिमी बारिश हो गई।

बारिश में ढहा थाने का जर्जर भवन
खुटार। तेज बारिश के चलते खुटार थाना परिसर में काफी पुराने और जर्जर आवास का लिंटर और दीवार ढह गई। गनीमत रही कि आवास का मलबा गिरने के दौरान कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इससे हादसा टल गया। संवाद

बिजली गिरने से भैंस मरी
कलान। नौसना गांव में रविवार की रात घर के बाहर पेड़ के नीचे बंधी राजेश की भैंस की बारिश होने पर बिजली गिरने से मौत हो गई। उन्होंने थाने में तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई के साथ क्षति की भरपाई कराने की गुहार लगाई है। सीओ दीपक सिंह के अनुसार बिजली गिरने से भैंस की मौत की सूचना राजकीय पशु चिकित्सालय के प्रभारी को दे दी गई है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें