प्रधानाचार्य और शिक्षक का विवाद पकड़ रहा तूल
शाहजहांपुर/मिर्जापुर। माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट ने जानकी महाराज इंटर कॉलेेज मिर्जापुर में प्रधानाचार्य औरा शिक्षक के बीच हुई घटना की कड़े शब्दों में निंदा कर डीआईओएस से जांच की मांग की है। उधर, नाराज शिक्षकों ने कहा कि सोमवार को रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर वे लोग डीआईओएस कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
मालुम हो कि बृहस्पतिवार को श्रीजानकी महाराज इंटर कॉलेज के शिक्षक देवकीनंदन को कॉलेज के प्रधानाचार्य ने क्लास रूम में छात्रों के सामने डंडे से पीटा था। संघ के उपाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह और संयुक्त सचिव हृदयेश सक्सेना ने कहा कि यदि पीड़ित शिक्षक को न्याय नहीं दिलाया गया, तो संघ आंदोलन करने को विवश होगा। उधर, पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। रविवार को पीड़ित कॉलेज के शिक्षक नारायणदत्त गंगवार और दीपक सिंह राजबंशी के साथ एक बार फिर थाने गए। थानाध्यक्ष ने सोमवार को कॉलेज में ही आरोपी प्रधानाचार्य और प्रबंधक की मौजूदगी में समस्या निस्तारण करवाए जाने का आश्वासन देकर लौटा दिया। पीड़ित शिक्षक देवकीनंदन, नारायण दत्त गंगवार, दीपक सिंह राजवंशी, शरद गंगवार ,बृजभान आदि ने डीआईओएस कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।