डीएम को बदहाल मिले रैन बसेरा
शाहजहांपुर। डीएम अमृत त्रिपाठी के औचक निरीक्षण में रैन बसेरों की स्थिति की पोल खुल गई। इसके साथ ही अपर नगर आयुक्त भी डीएम के निशाने पर आकर फंस गए। डीएम ने रैन बसेरों की बदहाल स्थिति पर अपर नगर आयुक्त से दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। ऐसा न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी है। औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने कई जिम्मेदारों की फटकार भी लगा दी।
डीएम अमृत त्रिपाठी रविवार रात नौ बजे रेलवे स्टेशन, रोडवेज, टाउन हाल स्थित नगर निगम के रैन बसेरों की स्थित का जायजा लेते हुए जिला अस्पताल तक पहुंचे। किसी भी रैन बसेरा में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिलीं। कंबल-रजाई तक की व्यवस्था नहीं की गई। नगर निगम ने शौचालयों की भी व्यवस्था नहीं कराई। रैन बसेरा से ज्यादा लोग सड़कों किनारे लेटे दिखे। डीएम ने अपर नगर आयुक्त डीपी सिंह को तलब कर लिया। रैन बसेरों में गद्दा, रजाई, कंबल पर्याप्त उपलब्ध कराने के निर्देशों के बावजूद ऐसा न किए जाने पर पूछा। वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। उनको दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। कुछ लोगों ने डीएम से शिकायत की कि रैन बसेरों से सामान चोरी हो रहा है। इस पर डीएम ने पुलिस गश्त कराने के निर्देश दिए। अफसरों को चेताया कि फुटपाथ पर सोने वाले लोगों को भी रैन बसेरा में पहुंचाएं। जिला अस्पताल के रैन बसेरा के बाद डीएम ने अस्पताल में वार्डों का जायजा भी लिया। कुछ मरीजों ने खिड़कियों से हवा आने की बात कही। डीएम ने इसका प्रबंध करने के निर्देश दिए। अपने सामने ही मरीजों को उन्होंने दूध का वितरण भी कराया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम सदर रामजी मिश्रा,नगर आयुक्त विद्या शंकर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।