बुखार से बच्ची सहित तीन की मौत
खुटार के बलविंदर, कलान की ज्योति और मदनापुर की शिल्पी ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। जिले में बुखार का कहर थम नहीं रहा है। शनिवार को अलग अलग स्थानों पर उपचार करा रहे चार साल की मासूम बच्ची सहित तीन की मौत हो गई है। इन घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया।
खुटार के गांव मैनिया निवासी 50 वर्षीय बलविंदर सिंह को पांच सितंबर को बुखार आ गया था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद लाभ नहीं होने पर परिवार के लोग उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए पीलीभीत ले गए थे और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार के लोग शव लेकर आए तो घर में कोहराम मच गया। शनिवार दोपहर बाद बलविंदर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
उधर,कलान निवासी संतोष गुप्ता की 18 वर्षीय ज्योति को करीब दो हफ्ते से बुखार आ रहा था। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर इलाज कराया। लाभ न होने पर उसे बरेली स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन ज्योति की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार रात उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने शनिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इधर, मदनापुर निवासी शिकारी सिंह की चार वर्षीय बेटी शिल्पी को छह दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले गांव के झोलाछाप डॉक्टरों को दिखाया, लाभ न मिलने पर जिला अस्पताल में तीन दिन पहले भर्ती कराया था। शनिवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।