रूजहा में हुआ पशु आरोग्य मेले का आयोजन
पशुपालकों को दी गई उपयोगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
खुटार।
बुधवार को गांव रुजहा कलां में पशुपालन विभाग की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। खुटार नगर पंचायत अध्यक्ष अनुपम शुक्ला ने गाय की पूजा कर मेले का शुभारंभ किया।
मेले में पशुओं का निशुल्क उपचार किया गया और पशुपालकों को उपयोगी जानकारी दी गई। खुटार पशु अस्पताल के प्रभारी डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि पशुपालकों को समय समय पर पशुओं का परीक्षण कराते रहना चाहिए और पशुओं की बीमार होने पर तत्काल इलाज कराना चाहिए। पशु उपचार और गर्भाधान के लिए नवीनतम तकनीकि के बारे में भी पशुपालकों को जानकारी दी गई।
चेयरमैन अनुपम शुक्ला ने कहा कि झोलाछाप डाक्टरों के चक्कर में न पड़कर पशुपालक अपने पशुओं का इलाज सरकारी पशु अस्पताल में कराएं और परामर्श के लिए भी सरकारी अस्पताल ही जाएं। मेले में सीवीओ राजेंद्र सिंह, डिप्टी सीवीओ यशवंत सिंह, डिप्टी सीएमओ विनोद कुमार, ब्लाक प्रमुख सुमन वर्मा के पति अखिलेश वर्मा सहित तमाम पशुपालक और किसान मौजूद रहे।