शाहजहांपुर। निजी अस्पतालों में डॉक्टरों की लापरवाही से मरीजों की मौत होने के मामलों में कोई ठोस कार्यवाही नहीं होते देख सामाजिक संगठन जनता की आवाज के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने लाल इमली चौराहे पर प्रदर्शन कर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और सीएमओे का पुतला फूंका। बाद में डीएम के नाम ज्ञापन देेकर गदियाना चुंगी के अल शिफा नर्सिंग होेम के संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की मांग की।
प्रदर्शन के लिए संगठन के कार्यकर्ता टाउनहाल के शहीद उद्यान गेट पर जमा हुए। वहां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और सीएमओ डॉ. आरपी रावत का पुतला तैयार किया। कार्यकर्ता पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए लाल इमली चौराहा पहुंचे और पुतला आग के हवाले कर दिया। इस मौके पर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि अल शिफा नर्सिंग होम की घटना ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है, लेकिन प्राइवेट अस्पतालों से मोटी कमाई के कारण ऐसे मामलों में अधिकारी कोई कार्यवाही नहीं करते।
भाकपा नेता रामशंकर लाल ने अल शिफा के संचालक को दो हत्याओं का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पैसे के लोभ में शिशु को गर्भ में मार दिया गया और बाद में महिला को भी मरने को मजबूर कर दिया। महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सोनी गुप्ता ने कहा कि नर्सिंग होम के दोषी स्टाफ पर जल्द कार्यवाही नहीं होने पर आंदोेलन तेज कर दिया जाएगा। प्रदर्शन मेें गीता पांडेय, विनीत श्रीवास्तव, संतोष शुक्ला, शकील मंसूरी, अतीक अहमद आदि शामिल रहे।