शाहजहांपुर। गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए शुरू की गई नमामि गंगे जागृति यात्रा का नगर में भव्य स्वागत किया गया। नगर भ्रमण के बाद हनुमतधाम पर हुई सभा में मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक कल्याण एवं सिंचाई (सिंचाई यांत्रिक) राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने जनपदवासियों का आह्वान किया कि वह गंगा और अन्य सहायक नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने में सरकार का सहयोग करें और गंदगी को नदियों में न बहाएं, जिससे पतित पावनी गंगा का अस्तित्व बचाया जा सके। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर खूब वाहवाही लूटी।
हनुमतधाम पर हुई सभा में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री औलख ने कहा कि देश में गंगा लोगों को रोजगार देने का काम कर रही है। गंगा साफ रहेगी तो देशवासी भी स्वस्थ रह सकेंगे। आज तमाम फैक्ट्रियों, नालों का गंदा पानी नदियों में बहाया जा रहा है, जिससे नदियों का जल दूषित हो रहा है। इसलिए सभी को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे जागृति यात्रा से होमगार्ड्स को जोड़ने के पीछे मंशा यही है, होमगार्ड्स गांव-गांव फैले हुए हैं। वे जनसामान्य के संपर्क में रहते हैं। वह पूरी निष्ठा से अपने कार्य को अंजाम देते हैं।
इससे पूर्व जागृति यात्रा संयोजक होमगार्ड्स के डिप्टी कमांडेंट जनरल झांसी अशोक कुमार, डिवीजनल कमांडेंट बरेली विनय कुमार मिश्रा आदि ने भी नमामि गंगे जागृति यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जनसामान्य को गंगा का महत्व समझाया। इससे पूर्व नगर में निकाली गई जागृति यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। यात्रा में 84 सदस्य शामिल हैं। होमगार्ड्स के बैंड ने यात्रा का स्वागत किया। इसके पश्चात लीड कांवेंट के बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना, डॉ. सुदामा प्रसाद स्कूल के बच्चों ने गंगा गीत और आकांक्षा हाईस्कूल के बच्चों ने देशभक्ति गीत पर भावपूर्ण नृत्य कर तालियां बटोरीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन इंदु अजनबी ने किया। इस अवसर सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल बच्चों के अलावा अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन में डीएम नरेंद्र कुमार सिंह, एसपी केबी सिंह, विधायक चेतराम, विधायक मानवेंद्र सिंह, जिला कमांडेंट होमगार्ड शैलेंद्र प्रताप, राज कुमार सिंह, संजीव सिंह, अनुज गुप्ता, अनिल वाजपेयी, कविता सिंह, जय प्रकाश नारायण दीक्षित, डॉ. सुरेश मिश्रा, डीपीएस राठौर, राजेश गुप्ता, अनूप गुप्ता, किशोर गुप्ता, सचिन बाथम, सरिता वाजपेयी, आशीष गुप्ता, अरविंद मिश्रा, फादर गेग्री, अब्दुल राशिद कुरैशी आदि गणमान्य और होमगार्ड्स के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।