खुटार में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर बरामद किए गए खाली घरेलू गैस सिलिंडर। स्रोत: प्रशासन
शाहजहांपुर/खुटार। घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के विरुद्ध बृहस्पतिवार को डीएम के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें खुटार में अमन इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान व घर पर 18 खाली घरेलू गैस सिलिंडर मिले। अमन के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गैस सिलिंडर एक एजेंसी के सुपुर्द कर दिए गए हैं। तीन सिलिंडर अन्य स्थानों से जब्त किए।
खुटार के तिकुनिया चौराहे पर पूर्ति विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार शाम अमन इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर छापा मारा। दुकान में 18 सिलिंडर रखे मिले। सिलिंडर खाली थे। दुकान स्वामी सिलिंडरों से संबंधित कागजात नहीं दिखा सका। कुछ अन्य दुकानों पर भी जांच की गई, लेकिन वहां सिलिंडर नहीं मिले। पूर्ति निरीक्षक पवन सुधाकर और महेश कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर छापा मारा गया है।
मीरानपुर कटरा में गुप्ता जी फैमिली ढाबा में दो घरेलू गैस सिलिंडर मिले। इसी क्षेत्र में भारत ढाबा पर एक घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग होते हुए पाया गया। प्रवर्तन टीम ने तहसील कलान क्षेत्र में परौर रोड पर गांव कौही, परौर, मिर्जापुर में गोपालपुर ढाई में चेकिंग की। तहसील सदर में भी कई स्थानों पर चेकिंग की गई।
जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि जनपद के समस्त प्रतिष्ठान संचालक या आम व्यक्ति घरेलू गैस सिलिंडर से रिफिलिंग या कालाबाजारी करता पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खुटार में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान पर बरामद किए गए खाली घरेलू गैस सिलिंडर। स्रोत: प्रशासन