अनशन पर बैठे बाबा के समर्थन में पहुंची महिलाएं
जलालाबाद। रामगंगा नदी पर पुल निर्माण कराए जाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे बाबा शांतिदास के पास पहुंचे नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने वार्ता कर उनकी मांग को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन देकर आंदोलन समाप्त करने की अपील की। लेकिन बाबा ने पुल निर्माण शुरू होने से पहले आंदोलन समाप्त करने से मना कर दिया।
उधर, अनशन के तीन दिन बीत जाने के बाद भी बाबा के स्वास्थ्य की जांच कराने की जरूरत नहीं समझी गई। रविवार को क्षेत्र के कई गांवों की महिलाएं आंदोलन स्थल पर पहुंची और बाबा द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का समर्थन किया। बाबा ने कहा कि जनहित से जुड़े इस मामले पर अब वह पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन उन्हें मिल रहा है और यह लड़ाई पुल निर्माण शुरू होने तक जारी रहेगी। रविवार को महिलाओं समेत बड़ी तादाद में पहुंचे क्षेत्रवासियों ने आंदोलन स्थल पर शासन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताते हुए बाबा की मांग का समर्थन किया।