स्वीकृत गन्ना प्रजातियों को ही बोएं किसान : कपिल
पुवायां। पुवायां के ब्लॉक सभागार में बुधवार को कृषि मेले का आयोजन हुआ जिसमें किसानों को गन्ने की फसल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
गन्ना शोध संस्थान शाहजहांपुर से आए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरडी तिवारी और डॉ. कपिल कुमार ने मेले में आए किसानों को बताया कि किसान स्वीकृत प्रजाति जैसे सीओ 0238, 98104, 0118, सीओएलके 94184 की ही बुवाई करें। यह प्रजातियां शीघ्र पकने वाली हैं। इसके अलावा सामान्य प्रजाति के गन्ने की बसंतकालीन बुवाई करके भी लाभ उठाया जा सकता है। वैज्ञानिकों ने गन्ने के साथ मूंग, उर्द, राजमा, भिंडी की सह फसली खेती पर जोर दिया, कहा कि इससे किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिवशंकर गौतम, कृषि विज्ञान केंद्र नियामतपुर से आए डॉ. एसके वर्मा, विषय वस्तु विशेषज्ञ बीके शर्मा ने भी किसानों को उपयोगी जानकारी दी। पुवायां बीज गोदाम के प्रभारी रामबहादुर वर्मा, कृषि रक्षा इकाई के प्रभारी योगेंद्र स्वरूप ने सरकार की किसान हित की योजनाओं के बारे में बताया। इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख पति राकेश यादव ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान कृषि विभाग के अवर अभियंता ओमवीर सिंह राठौर, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णाराज के प्रतिनिधि सुरेश पासी सहित तमाम किसान मौजूद रहे।