हथौड़ा स्टेडियम में शुरू होगी टेबिल टेनिस खेलने की सुविधा
शाहजहांपुर (ब्यूरो)। गाजियाबाद के मुरादनगर में चली तीन दिवसीय राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शाहजहांपुर के तीन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बन जनपद को गौरवान्वित किया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के 53 किलोग्राम भार वर्ग में विनोद कुमार और अभिषेक कुमार ने सिल्वर मेडल तथा अजय पाल ने 74 किलोग्राम भार वर्ग में मास्टर में गोल्ड मेडल जीत कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि आठ से 12 जनवरी तक कोयंबटूर, तमिलनाडु में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए विजेताओं को प्रतिभाग करना होगा। तीनों विजेताओं को स्टेडियम में वरिष्ठ एथलीट बृजेश कुमार और क्रीड़ा अधिकारी ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इधर, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि खिलाड़ियों की डिमांड पर स्टेडियम में बहुत जल्द टेबल टेनिस (टीटी) की सुविधा शुरू होने जा रही है। टीटी के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल में बैडमिंटन के तीन वूडेन कोर्ट पहले से ही चल रहे हैं, अब खिलाड़ियों को टेबल टेनिस की सुविधा भी मिल जाएगी।
पिकनिक पर बच्चों ने की मस्ती
शाहजहांपुर (ब्यूरो)। संत कृपाल एकेडमी के बच्चों ने हनुमत धाम पर पिकनिक मनाकर खूब मौज-मस्ती की। इस दौरान नन्हे-मुन्ने हनुमान जी की विशालकाय प्रतिमा देख दंग रह गए।
स्कूल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता रस्तोगी के नेतृत्व में हनुमत धाम पहुंचे। बच्चों ने जैसे ही करीब सवा सौ फिट ऊंची हनुमान जी प्रतिमा देखी कि उनका मुंह खुला का खुला रह गया। बच्चों ने अंत्याक्षरी, कविता पाठ किया। पिकनिक में प्रधानाचार्य मेघना खन्ना, रति कपूर, वैशाली गुप्ता, स्वाती गुप्ता आदि शिक्षिकाओं का योगदान रहा।