शाहजहांपुर। गन्ना किसान संस्थान सभागार में डॉ. अंबेडकर सामान्य प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लखनऊ के एएसपी डॉ. बीपी सिंह अशोक ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता छात्रों में तार्किक और बौद्धिक क्षमता बढ़ाने के लिए उपयोगी साबित हो रही है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व शांति और प्राणी मात्र के कल्याण के लिए भगवान बुद्ध की शिक्षाओं पर अमल किया जाना चाहिए। इसके बाद उन्होंने युवा एवं बाल विकास समिति की ओर से कराई गई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में प्रदेश में पहला स्थान पाने वाली सुुरुचि सिंह, दूसरे स्थान रहे परमानंद यादव और तीसरे स्थान पर शिवम सारस्वत को क्रमश: 10 हजार, आठ हजार और छह हजार रुपये नगद, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। जूनियर वर्ग में कुलदीप यादव को प्रथम, आलोक कुमार को द्वितीय और शुभम वर्मा को तृतीय स्थान मिला। इन्हें क्रमश: नौ हजार, सात हजार और पांच हजार रुपए नगद, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र दिया गया। साथ ही दोनों वर्गों के 10-10 विजेताओं को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
समारोह में मुख्य वक्ता डायट पीलीभीत के प्राचार्य गजेंद्र कुमार, आयोजन समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद कुमार गौतम, भारतीय बौद्ध महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रामरतन गौतम आदि ने भी विचार व्यक्त किए और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया। आयोजन में गन्ना किसान संस्थान के सहायक निदेशक डॉ. पीके कपिल, मान सिंह गौतम, महेंद्र सिंह दिनकर, अरुणेंद्र कुमार वर्मा, सियाराम दिनकर, राम सिंह, एसएल गौतम, केके सिंह आदि का योगदान रहा।