पुवायां। थाने से दो सौ मीटर दूर हाईवे पर 20 मिनट तक लोग तलवारें और डंडे लहराकर मारपीट करते रहे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लिया है। बाद में राजीनामा हो जाने की बात कहकर छोड़ दिया गया।
बताया जाता है कि पुवायां के एक युवक ने उत्तराखंड से कार खरीदी थी, लेकिन कार अपने नाम दर्ज नहीं कराई है। काफी समय हो जाने के बाद भी कार ट्रांसफर नहीं कराए जाने को लेकर पूर्व के कार स्वामी की युवक से कई बार बातचीत हो चुकी है। बुधवार को कार स्वामी पुवायां आया और कार खरीदने वाले से कार को नाम कराने को कहा। इसको लेकर विवाद होने पर हाईवे पर मारपीट शुरू हो गई। खुलेआम तलवारे और डंडे लहराने पर हाईवे पर आवागमन रुक गया।
मारपीट होने के दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और एक पक्ष के दो लोगों को तलवार, डंडे के साथ पकड़ लिया। अन्य लोग मौके से भाग निकले। पकड़े गए लोगों की कार भी पुलिस थाने लाई है। इस संबंध में पुवायां के मोहल्ला कटरा बाजार के विशाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह हाईवे किनारे एक क्लीनिक पर खड़े थे।
इस बीच चार-पांच लोग तलवार आदि लेकर आ गए और उनको जान से मारने की नीयत से तलवारें चलाने लगे। उन्होंने डॉक्टर के केबिन में छिपकर जान बचाई तो आरोपी उनको केबिन से खींच लाए। आसपास के दुकानदारों ने उनको बचाया।
आरोपी काफी देर तक हाईवे पर तलवारें और डंडे लहराते रहे। इससे 20 मिनट आवागमन बाधित रहा और लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया है, इस कारण कार्रवाई नहीं की गई है।