फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2.13 अरब से बनेंगी सिंचाई को स्पेशल बिजली लाइनें

Thu, 11 Jun 2015 10:57 PM IST
शाहजहांपुर।
विज्ञापन
विज्ञापन
केंद्र सरकार की दीनदयाल ग्राम ज्योति योजना के तहत जिले के किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए अबाध बिजली सप्लाई देने को दो अरब 13 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बिजली की स्पेशल लाइनें तैयार कराई जाएंगी। इसकी कार्य योजना को मूर्त रूप देने के लिए सांसद कृष्णा राज की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई, जिसमें डीएम शुभ्रा सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अफसर भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

इस मौके पर पॉवर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता आरएस प्रसाद ने बताया कि योजना का लाभ उन गांवों को मिलेगा, जहां अभी तक बिजली नहीं पहुंची अथवा जो पूरी तरह विद्युतीकरण से संतृप्त नहीं हो पाए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू और कृषि कार्य संबंधी लाइनें अलग होने से उन पर बिजली का लोड कम होगा ही, ग्रामीण जनता समेत किसानों को भरपूर बिजली मिल सकेगी। एसई के अनुसार ग्राम ज्योति योजना के तहत 33 केवी क्षमता वाले चार नए सब स्टेशन बनाने के साथ पुरानी लाइनों की मरम्मत और क्षमता वृद्धि जैसे काम भी होंगे।
सांसद कृष्णा राज ने मोदी सरकार की महत्वाकांछी योजना को सफल बनाने के लिए जन प्रतिनिधियों से 15 जून तक प्रस्ताव बनाकर अधीक्षण अभियंता को उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने एसई को निर्देश दिया कि योजना में चयनित गांवों और कार्यों की सूची जन प्रतिनिधियों को जल्द उपलब्ध कराएं जिससे कि विभिन्न क्षेत्रों मेें छूटे हुए गावों को कार्य योजना में शामिल किया जा सके।
विज्ञापन

नलकूप कनेक्शन लेने में दिक्कतों की शिकायत को सांसद ने गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंताओं से नाराजगी जताई। उन्होंने दोनों एक्सईएन को इंगित करते हुए कहा कि ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए किसानों को बार-बार दौड़ना नहीं पड़े। सांसद ने इसके लिए ट्रांसफार्मर का वितरण क्रमवार तरीके से कराने पर जोर दिया। भाजपा विधानमंडल दल के नेता एवं नगर विधायक सुरेश कुमार खन्ना ने जन प्रतिनिधियों को विभाग की ओर से सभी सूचनाएं हिंदी के बजाय अंग्रेजी में भिजवाने पर नाराजगी जाहिर की। बैठक में पुवायां की सपा विधायक शकुंतला देवी, तिलहर क्षेत्र के बसपा विधायक रोशन लाल वर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यभान सिंह भदौरिया, प्रभारी सीडीओ पीपी त्रिपाठी, पॉवर कारपोरेशन के एक्सईएन अशोक सुंदरम व एके शुक्ला आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें