चर्च कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पर बालयोगी कल्याणानंद जी ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। इससे पहले महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली।
अवधेश मिश्र और वसुधा मिश्रा की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया गया है। प्रारंभ में सत्य प्रकाश अवस्थी की अगुवाई में महिलाओं ने कस्बे में कलश यात्रा निकाली। यह रेलवे कॉलोनी के शिव मंदिर, आदर्श नगर के आस्था मंदिर और बड़े मंदिर होते हुए दोपहर बाद चर्च कॉलोनी में समाप्त हुई। कलश यात्रा के बाद बालयोगी कल्याणानन्द ने कथा का प्रारंभ गणेश और सरस्वती वंदना से। कार्यक्रम में सोनी मिश्रा, नेहा, पूनम, अमृता, सुनीता, कोमल, कृष्णा का सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि कथा 18 जून तक चलेगी। इसी दिन हवन पूजन के साथ भंडारे का आयोजन होगा।
बारह साल के हैं कथावाचक कल्याणजी
चर्च कॉलोनी में शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा का दिलचस्प पहलू यह है कि कथावाचक कल्याणजी महज बारह साल के हैं। उन्हें कथा के अलावा संस्कृत का भी अच्छा ज्ञान है। बालयोगी को कथा सुनाते देख लोग दंग हैं। बालयोगी कल्याणानंद मूलत: शरमा, थाना बेहटा गोकुल, हरदोई के हैं। वह तीन साल की उम्र से ही श्रीमद्भागवत पढ़ने लगे थे। इनकी शिक्षा दीक्षा ज्यादा नहीं है, लेकिन जब धारा प्रवाह संस्कृत में श्लोक पढ़ते हैं तो सुनने वाले हैरान रह जाते हैं।