शाहजहांपुर। मजदूरों की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंगलवार को प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर सपा मजदूर सभा के जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने असंगठित क्षेत्र के तमाम श्रमिकों को साथ लेकर निगोही रोड स्थित श्रम कार्यालय के सामने धरना देकर सभा की। सभा में वक्ताओं ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं दोबारा चालू किए जाने की मांग दोहराई।
इस मौके पर पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के सभी वर्गों को धोखा देकर उनके साथ अन्याय कर रही है और जनता इसका जवाब लोकसभा चुनाव में देने को तैयार बैठी है। जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल कमजोर वर्ग को निशाने पर ले रही है। लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव पंकज वर्मा सराफ ने कहा कि भाजपा को गरीब मजदूरों से कोई सरोकार नहीं और इसीलिए मजदूर हित की योजनाओं पर रोक लगा दी गई है।
सभा की अध्यक्षता करते हुए पार्टी जिला अध्यक्ष तनवीर खां ने कहा कि भाजपा के राज में झूठ के सिवा जनहित का कोई बुनियादी विकास कार्य नहीं हुआ। अखिलेश सरकार ने अपने कार्यकाल में श्रमिकों को एक लाख साइकिलें बाटीं और दुर्घटना में मौत होने पर पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देने के साथ अन्य कई योजनाएं लागू कीं, लेकिन इन योजनाओं पर योगी सरकार ने रोक लगा दी। मजदूर सभा की प्रदेश सचिव स्तुति गुप्ता ने कहा कि गरीबों की हाय भाजपा सरकारों का सफाया कर देगी।
सभा के बाद उप श्रमायुक्त वीरेंद्र कुमार को मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में कहा गया है कि सपा सरकार ने 35.80 लाख असंगठित श्रमिकों का पंजीकरण कराया और 7.52 लाख मजदूरों की पांच अरब की विभिन्न योजनाओं से सामाजिक सुरक्षा दी, लेकिन गत दो वर्ष से सरकार के मंत्री झूठी घोषणाएं कर मजदूरों को भ्रमित कर रहे हैं और श्रमिक कल्याण बोर्ड की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी बंद है। बोर्ड में पंजीकरण को भेजे जा रहे आवेदन कई माह तक लंबित रखने के बाद निरस्त किए जा रहे हैं। इसलिए सरकार श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं तत्काल पुनर्जीवित करे। धरना-प्रदर्शन मेें रवींद्र सिंह यादव, सुखवीर सिंह चौहान, देव कुमार द्विवेदी, महफूज अली खां, चंद्रजीत यादव, सुंदर लाल गौतम आदि शामिल रहे।