दबंगों ने घर में घुसकर युवती से की छेड़छाड़, मारपीट
कलान (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद एक पक्ष के दबंग लाठी डंडों एवं हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष के घर में घुस गए और महिलाओं से छेड़छाड़ व मारपीट शुरू कर दी। युवती ने बताया कि हमलावरों में से एक व्यक्ति घर के अंदर ही उससे जोर जबरदस्ती करने लगा। विरोध करने पर उसने कमर में लाठी मार दी। जिससे वह बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी।
युवती के पिता ने थाना कलान में तहरीर देकर बताया कि कुछ रुपये के लेनदेन को लेकर गांव के ही दीपे सिंह से विवाद हो गया। जिसके बाद दीपे सिंह गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगा। वह अपनी जान बचाने के लिए अपने घर में छुप गया तभी दीपे सिंह अपने छह साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर उसके घर में घुस आया व महिलाओं से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उसने महिलाओं एवं बच्चों को भी पीटना शुरू कर दिया। हमलावरों की लाठी से उसकी पुत्री की कमर टूट गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी आरेंद्र यादव ने बताया की युवती की कमर में गंभीर चोट होने के कारण उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं चौकी इंचार्ज बाराकला एवं कार्यवाहक थानाध्यक्ष कलान विनोद यादव ने बताया दो पक्षों में मामूली मारपीट हुई हैं। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।