जानलेवा हमले में क्रास रिपोर्ट पर भड़के ग्राम प्रधान
0 कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और डीएम के नाम दिए ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। ग्राम पंचायत कपसेड़ा की प्रधान रामसनेही यादव पर बीती दस नवंबर को लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर कर जानलेवा हमला किए जाने के मामले मेें तिलहर पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी करने के बजाय दूसरे पक्ष की ओर से ग्राम प्रधान के विरुद्ध क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्राम प्रधानों का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने कलक्ट्रेट में पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बाद में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को ज्ञापन देकर गलत तथ्यों पर आधारित दूसरे पक्ष की एफआईआर निरस्त किए जाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन की जिला अध्यक्ष/ ग्राम प्रधान रामसनेही ने कहा है कि गत दस नवंबर को सुबह गंाव के तौहीद और ओमकार के बीच विवाद का निपटारा करने पंचायत स्थल जा रही थीं। इसी दौरान रामसनेही की दुकान के पास गांव के वीरेश शर्मा समेत कुछ लोगों ने रंजिशन उनके बेटे अनूप को रोक लिया। वीरेश ने लाइसेंसी रिवाल्वर से बेटे पर फायर कर दिया जो मिस हो जाने पर दूसरे पक्ष के लोग हमलावर हो उठे। ग्राम प्रधान के अनुसार इस हमले में उनके ससुर भगवान दीन समेत कई लोग जख्मी हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस मामले में वीरेश आदि के खिलाफ तिलहर थाने में अपराध संख्या 875/2018 पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन पुलिस ने दूसरे पक्ष का बचाव करने को वीरेश की ओर से उनके विरुद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट में नामजद रामरहीश सिंह पर अपनी पत्नी किरन देवी की लाइसेंसी बंदूक का इस्तेमाल किया जाना लिखाया गया, जबकि किरन की बंदूक वीरेश शर्मा की शिकायत पर तीन वर्ष पूर्व से तिलहर के ओम गन हाउस पर जमा है। प्रधानों ने फर्जी रिपोर्ट निरस्त नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन छेड़ देने की चेतावनी दी है।