बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबकर दो बालकों की मौत
नहाने के दौरान हुआ हादसा, दोनों के परिवार में कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
कुर्रिया कलां(शाहजहांपुर)। बरसाती पानी से भरे गड्ढे में दो लड़के नहाते समय डूब गए। जैसे-तैसे उन्हें बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया लेकिन दोनों ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। घटना के बाद से दोनों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
कांट क्षेत्र के गांव बहरी कुर्रिया निवासी छोटे सिंह का 12 वर्षीय बेटा प्रबल, कुर्रिया कलां में साढू़ के घर रहकर कक्षा आठ में पढ़ रहा था। शुक्रवार दोपहर दो बजे वह गांव के ही महेश सिंह के बेटे 14 वर्षीय गोविंद सिंह के साथ घास लेने की बात कहकर खेतों की ओर निकल गए। गांव के दक्षिण किए गए मिट्टी खनन के बने गड्ढे में बरसाती पानी भरा देखकर दोनों उसमें नहाने के लिए उतर गए। एक स्थान पर गहरा गड्ढ़ा था। उसमें पहुंचते ही प्रबल डूबने लगा। उसे डूबते देख गोविंद बचाने के लिए पास में गया तो वह भी गोते खाने लगा। कुछ दूर खेतों में काम कर रहे लोगों की अचानक नजर डूब रहे बच्चों पर पड़ गई तो उन लोगों ने भी बचाओ की आवाज लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव के लोग जब तक दोनों को बचाने पहुंचे वह पानी में डूब चुके थे। जानकारी मिलते ही गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ तैराक लोगों ने जैसे-तैसे दोनों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को कांट अस्पताल और फिर जिला अस्पताल में दिखाया गया लेकिन यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
-----------