फोटो 09 व 10 में।
सपाइयों ने भरी योगी सरकार के खिलाफ हुंकार
प्रदर्शन करके खिरनीबाग चौराहे पर लगाया जाम
बिगड़ती कानून व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
योगी सरकार के राज में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और जनता की अन्य समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। उन्होंने जिलाध्यक्ष/चेयरमैन तनवीर खां के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए खिरनीबाग चौराहे पर धरना देकर जाम लगा दिया। बाद में उनका काफिला कलक्ट्रेट पहुंचा और वहां राज्यपाल के नाम सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन के लिए सपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर और सिर पर लाल टोपियां लगाकर सुबह से नगरपालिका परिषद कैंपस में जमा होने लगे। जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने कलक्ट्रेट कूच करने से पहले वहीं पर सभा करके सरकार को कई मुद्दों पर एक साथ घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कई समस्याओं को बढ़ावा देकर केवल बदले की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी गई हैं। प्रदेश में आए दिन हत्या, लूट, बलात्कार आदि घटनाओं से कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। भाजपा सरकार की सुप्रीम कोर्ट में लचर पैरवी से शिक्षा मित्रों का समायोजन रद्द हो गया। अब ईद उल अजहा का त्यौहार निकट आ गया है, लेकिन भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने जीना मुहाल कर दिया है। एमएलसी अमित यादव रिंकू ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के लिए कोई भी बुनियादी काम नहीं किया और वह हर मोर्चे पर विफल हो गई है। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा ने कहा कि योगी सरकार जब से बनी है, महिलाओं पर अत्याचार बढ़ गए हैं और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जिला महासचिव रणंजय सिंह यादव ने कहा कि जुल्मों के खिलाफ संघर्ष करना सपा की पहचान है। सभा के बाद कार्यकर्ताओं का हुजूम सरकार विरोधी नारेबाजी करता हुआ टाउनहॉल और सदर बाजार होकर कलक्ट्रेट की ओर बढ़ चला। खिरनीबाग चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने ठहराव लेकर धरना दिया तो वहां जाम लग गया। जेल रोड, जीआईसी तिराहा और पंखी चौराहा की ओर से आने वाले वाहनों की कुछ ही देर में लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस के समझाने पर कार्यकर्ता उठकर कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां भी नारेबाजी के साथ प्रदर्शन कर 14 सूत्री ज्ञापन दिया।
प्रदर्शन में इन सभी की रही सहभागिता
प्रदर्शन में जन प्रतिनिधियों और प्रमुख पदाधिकारियों समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े सैयद रिजवान अहमद, अनवर अली, आफाक अली खां, बृजेंद्र यादव, बृज बहादुुर कश्यप, पंकज वर्मा सराफ, डॉ. नवनीत यादव, श्यामजी शुक्ला, हिमांशु वाजपेयी, आकाश चंद्र, नीरज मिश्रा, राजेंद्र यादव, ओम गुप्ता, अनुज यादव, भूपेंद्र सिंह, मुनीश परिहार, शमीम इदरीसी, छोटे कुरैशी, शाहनवाज इदरीसी, आसिफ कुरैशी, अनिल दास, बब्बू कुरैशी, विजय सिंह, मो. नसीम खां, मुंतका बेग, गौहर महबूब खां, मुकेश यादव, हफीज अहमद अंसारी, गुरुप्रीत सिंह, छोटू जाटव, महिपाल यादव आदि शामिल रहे।