शाहजहांपुर। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रमोशन में आरक्षण देने के लिए बिल पास करने की मांग को लेकर जुलूस निकाला। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष सोमपाल सिंह की अगुवाई में समिति के कार्यकर्ता खिरनी बाग रामलीला मैदान में एकत्र हुए। यहां से जूलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट में सभा को संबोधित करते हुए सोमपाल ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी वंचित वर्गों का प्रतिनिधित्व सरकारी विभागों मेें पूरा नहीं हो पा रहा है। ज्ञापन में मांग की गई कि लोकसभा में लंबित प्रोन्नतियों में आरक्षण संबंधी 117वां संविधान संशोधन बिल इसी सत्र में पास कराया जाए। समान पद, प्रतिष्ठा के समस्त एकल पदों को जोड़कर उनमें एससी, एसटी, ओबीसी को आरक्षण दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा ज्ञापन में सेना के तीनों अंगों में उच्च पदों पर भर्ती में आरक्षण लागू करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में विश्राम सिंह, रामसिंह, सियाराम दिनकर, अजय कुमार, श्रवण कुमार, राकेश, राजेंद्र, ज्वाला प्रसाद, मुनेंद्र, मगरे लाल, ओमप्रकाश आदि शामिल रहे।