शाहजहांपुर। वेदपाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी व ग्रामीणों के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लिए जाने की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को खिरनी बाग स्थित जीआईजी खेल मैदान पर आमरण अनशन शुरू कर दिया।
थाना रोजा के गांव चकभिठारा निवासी सर्वेश कुमार ने बताया कि उनके भाई वेदपाल की 22 मई को गांव जमुही में मिठ्ठू लाल के पुराने मिल की नीव में लाश दबी मिली थी। उसके भाई की एक षड़यंत्र के तहत ठेकेदार शब्बीर ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस घटना की रिपोर्ट रोजा थाने में दर्ज है, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार नहीं किया है। आरोप है कि ठेकेदार के भाई उसे व उसके परिवार को धमकी देकर समझौते का दबाव बना रहे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद भी पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उसे व उसके परिवार को आरोपियों से जान-माल का खतरा बना हुआ है और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, इसलिए मजबूरन वह परिवार के साथ आमरण अनशन पर बैठ गया। पीड़ित ने आरोपी शब्बीर को गिरफ्तार किए जाने व घटना वाले दिन रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर रोड जाम करने वाले ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की है।
अनशन पर बैठने वालों में शिवराम, गिरीश, संजीव, वेदराम, रमेश सक्सेना, राजीव, किरन, संगीता, राम प्रसाद, कमला, उर्मिला, गुड्डी देवी आदि लोग शामिल थे।