शाहजहांपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद (तिवारी गुट) का द्विवर्षीय अधिवेशन शुक्रवार को संपन्न हुआ। अधिवेशन में जिला अध्यक्ष पद पर अनिल दीक्षित और महामंत्री पद पर अमित सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए।
अधिवेशन प्रांतीय महासचिव शिवबरन यादव और संरक्षक रमाकांत अगिभनहोत्री की उपस्थिति में हुआ। प्रथम सत्र की अध्यक्षता करते हुए अनिल दीक्षित ने कई बिंदुओं पर विचार व्यक्त किए। कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था और सरकार के नए आदेशों के बारे में चर्चा की। साथ ही आगामी संघर्ष की तैयारी पर भी चर्चा की गई। इससे पहले राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संस्थापक स्वर्गीय पीएन शुक्ल के चित्र पर कर्मचारियों ने माल्यार्पण किया।
अधिवेशन के दूसरे सत्र में चुनाव अधिकारी के रूप में रमाकांत अगिभनहोत्री और अजय सिंह वर्मा को नामित किया गया। चुनाव अधिकारी ने नामांकन प्रक्रिया पूरी कराई लेकिन सभी पदों के लिए एक-एक नामांकन पत्र ही दाखिल हुआ। इस तरह कारण जिलाध्यक्ष पद पर अनिल दीक्षित, जिला मंत्री पद पर अमित सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ओंकार नाथ शुक्ला, संप्रेक्षक पद पर भोलानाथ सक्सेना को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इस दौरान महासंघ के प्रांतीय पदाधिकारी एचएन मिश्र, दिनेश पाल सिंह ने निर्वचित पदाधिकारियों को बधाई दी। अधिवेशन में डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, विकास भवन कर्मचारी संघ, कोषागार कर्मचारी संघ, आंतरिक लेखा संगठन, ग्रामीण अभियंत्रण, राजस्व संग्रह अमीन सहित कई संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।