रसोई गैस सिलिंडरों से भरा ट्रक हाईवे पर पलटा, जाम
मीरानपुर कटरा(शाहजहांपुर)। रसोई गैस सिलिंडरों से भरा ट्रक शनिवार रात नेशनल हाईवे पर शकुन कन्या इंटर कॉलेज के पास पलट गया। सिलिंडरों में एलपीजी भरी हुई थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, इससे कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाया।
शनिवार रात करीब एक बजे शाहजहांपुर से मुरादाबाद की ओर एलपीजी से भरे सिलिंडर लेकर ट्रक मुरादाबाद की ओर जा रहा था। शाहजहांपुर निवासी चालक धीरज कुमार नेशनल हाईवे किनारे स्थित मोहल्ला बिल्लीगंज के शकुन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास अचानक ट्रक से संतुलन खो बैठा। इससे ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद हाईवे पर बीचोबीच पलट गया। जाल टूटने से हाईवे पर एलपीजी से भरे सिलिंडर बिखर गए और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में जाम खुलवाया।