दिवाली पर लोगों के लिए बाधा बनेगी हुलासनगरा क्रॉसिंग
शाहजहांपुर से बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली का सफर होगा मुश्किल
क्रॉसिंग बंद होने के दौरान वैकल्पिक रास्तों से पास होंगे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। रेलवे के नेशनल हाईवे स्थित हुलासनगरा रेल क्रॉसिंग नंबर 343 तीन से पांच नवंबर तक बंद रहेगा। इस दौरान बरेली-लखनऊ के बीच का सफर मुश्किल होगा। यहां से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से पास किया जाएगा। अब तक इस क्रॉसिंग को 30, 31 अक्तूबर और एक नवंबर को बंद रखने का फैसला लिया गया था। ब्लॉक न मिलने की वजह से समय आगे बढ़ाया गया है।
नेशनल हाईवे पर हुलासनगरा के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर डाउन लाइन के स्लीपर बदले जाने हैं। दो दिन पहले ही सहायक मंडलीय अभियंता उत्तर रेलवे रॉकी तुहर ने इस संबंध में अधिकारित सूचना जारी की थी। हाईवे के इस क्रॉसिंग पर 30, 31 अक्तूबर और एक नवंबर को वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रखा जाना था। इन तिथियों में क्रॉसिंग बंद करने के लिए सेक्शन में ब्लॉक नहीं मिल सका। ऐसे में तारीखों को आगे किया गया है। अब क्रॉसिंग तीन, चार और पांच नवंबर को बंद रहेगा। इस दौरान शाहजहांपुर से बरेली की ओर जाने में परेशानी होगी। वहीं बरेली से लखनऊ की ओर जाने वालों को भी समस्याएं झेलनी होंगी। हालांकि, मीरानपुर कटरा थाना पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। एसओ संजय सिंह ने बताया कि बरेली की ओर जाने वाले वाहनों को शाहजहांपुर में बरेली मोड़ से डायवर्ट किया जाएगा। यह वाहन जलालाबाद होते हुए बरेली जाएंगे। इसी तरह बरेली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहनों को हुलासनगर गांव से वाया कसरक होते हुए पास किया जाएगा। रूट डायवर्जन वाले स्थानों पर स्टाफ की तैनाती कर दी गई है।
-------
रूट डायवर्जन वाले ज्यादातर मार्ग जर्जर
मीरानपुर कटरा। हाईवे के हुलासनगर रेल क्रॉसिंग पर वाहनों का आवागमन ठप रहने के दौरान जिन मार्गों पर रूट डायवर्जन किया गया है उनमें ज्यादातर जर्जर हैं। सिंगल रोड होने की वजह से इन पर जाम की स्थिति भी बनेगी। दरअसल, हाईवे पर रोज हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। अचानक इन वाहनों का दबाव सिंगल और छोटे रूट पर आने के बाद जगह-जगह जाम की समस्या भी पैदा होगी। पिछले महीनों क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान इन रोड पर घंटों जाम की स्थिति रही थी। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
------
वर्जन-
रेल क्रॉसिंग पर स्लीपर बदलने और ट्रैक मरम्मत का काम होना है। क्रॉसिंग को 30 अक्तूबर से एक नवंबर तक क्रॉसिंग बंद रखा जाना था। ब्लॉक न मिलने की वजह से अब क्रॉसिंग तीन, चार और पांच नवंबर को बंद रहेगा। इस संबंध में सार्वजनिक सूचना जारी करने के साथ स्थानीय प्रशासन को भी लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है।
- रॉकी तुहर, सहायक मंडलीय अभियंता उत्तर रेलवे