33 केवी लाइन फाल्ट से शहर में घंटों ठप रही बिजली सप्लाई
पैना पॉवर स्टेशन के यार्ड स्थित ब्रेकर में आई खराबी का नतीजा
चार घंटे तक बिजली को तरसे कई मोहल्लों और कालोनियों के लोग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। पॉवर कारपोरेशन के पुवायां रोड पर पैना स्थित 220 केवी ट्रांसमिशन पॉवर स्टेशन के ब्रेकर में आई खराबी के कारण वहां से निकली ककरा कलां सब स्टेशन की 33 केवी लाइन में शुक्रवार को सुबह बारिश के दौरान शार्ट सर्किट से कई स्थानों पर फाल्ट हो गए। इन खराबियों के कारण ककरा और अब्दुल्लागंज सब स्टेशन से जुड़े शहर के कई मोहल्लों और कालोनियों में करीब चार घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही।
सुबह दस बजे तक शहर के सभी सब स्टेशनों के सारे फीडर चालू हालत में रहे, लेकिन 15 मिनट बाद ही रिमझिम फुहारें गिरने के दौरान अचानक ककरा कलां और अब्दुल्लागंज स्थित 33 केवी सब स्टेशनों के इनकमिंग फीडरों को करंट मिलना बंद हो गया। इनकमिंग फीडर ठप हुए और दोनों सब स्टेशनों से निकली विभिन्न फीडरों की 11 केवी लाइनें भी बंद हो गईं। यही नहीं, लाइन की इन खराबियों का पता लगाया जाता, इससे पहले हथौड़ा, निगोही रोड गदियाना, सरायकाइयां और लोधीपुर में सिटी पार्क के सब स्टेशन भी ठप हो गए।
इससे संबंधित बिजली उप केंद्रों के प्रभारी अवर अभियंताओं में हड़कंप मच गया। ककरा कलां के प्रभारी जेई अलंकृत मिश्रा ने लाइन की पेट्रोलिंग कराई तो यह देख हैरत में पड़ गए कि ककरा से लेकर निगोही रोड के आगे सेना के चांदमारी मैदान तक कई जगह जंपर और इंसुलेटर जल गए हैं। ऐसा उसी स्थिति में होता है जब लाइन में शार्ट सर्किंट होने के बावजूद करंट सप्लाई करने वाला ब्रेकर ट्रिप नहीं हुआ हो। अवर अभियंता ने पैना पॉवर स्टेशन सेे संपर्क किया तो वहां के स्टाफ से पता चला कि यार्ड में 40 और 63 एमवीए के ट्रांसफार्मर से जुड़े ब्रेकर के आटो कट नहीं होने से वितरण खंड की लाइनों में ये खराबियां पैदा हुई हैं।
पैना में ब्रेकर सुधार कर दोनों ट्रांसफार्मर चालू किए जाने पर हथौड़ा, सिटी पार्क, निगोही रोड गदियाना और सराय काइयां के सब स्टेशन एक घंटे बाद बिजली देने लायक हो गए, लेकिन ककरा की 33 केवी लाइन और उससे अब्दुल्लागंज की लूप लाइन दोपहर करीब सवा दो बजे ठीक हो पाई। इस दौरान ककरा कलां, तिलहर जई, मदराखेल, अलीजई, आनंदपुरम, आजादपुरम, लोहारों का चौराहा, विवेक विहार, विश्वकर्मा चौक, सिंजई (आंशिक), गर्रा फाटक, जियाखेल, मतानी, बक्सरिया, चारखंभा, चौक (आंशिक), जलालनगर बजरिया, बीबीजई हद्दफ, सुभाषनगर, टीचर्स कालोनी, मामुड़ी आदि इलाकों में सुबह से दोपहर तक लोग बिजली को तरस गए।