मस्जिदों के आसपास बेरीकैटिंग होनी शुरू
तिरपाल से ढकने की होगी व्यवस्था, ताकि कोई न डाल पाएं रंग
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस में शामिल हुड़दंगी रास्ते में पड़ने वाली मस्जिदों पर रंग न डाल दें। इसलिए ऐसी मस्जिदों के आसपास पुलिस ने बेरीकैटिंग का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को बेरी चौकी के पास स्थित मजार और अंटा चौराहे के पास स्थिति मजिस्द के आसपास बेरीकैटिंग का काम हुआ।
लाट साहब का जुलूस शांति पूर्वक निकले। इसमें किसी प्रकार की अशांति न हो। इसके लिए डीएम-एसपी कई दौर की मीटिंग पुलिस व संभ्रांत नागरिकों के बीच कर चुके हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन को हिदायत दी गई है कि लाट साहब जुलूस के रूट में पड़ने वाली मस्जिदों के सामने बेरीकैटिंग कराकर इन मस्जिदों को तिरपाल से ढका जाए, ताकि कोई हुड़दंगी रंग न डाल सके। लाट साहब का जुलूस मौती चौक से कोतवाली होकर यहां से चारखंभा, केरूगंज, बेरी तिराहा, अंटा चौराहा, जेल रोड, खिरनी बाग चौराहा से थाना सदर बाजार होते हुए बाबा विश्वनाथ मंदिर से होकर पंखी होटल से बहादुरगंज, मशीनरी मार्केट से घंटाघर, माल खाना मोड़, कच्चा कटरा मोड़, सुनहरी मस्जिद तिराहा, कोतवाली गेट से पटी गली मौती चौक सरौंदी बंगला पर समाप्त होता है। जुलूस के इस रूट में चौक कोतवाली क्षेत्र में 15 मस्जिदें पड़तीं हैं। इन मस्जिदों को होली वाले दिन पूरी तरह से तिरपाल से ढक दिया जाता है, ताकि इन पर रंग पड़ने से किसी की भावनाएं आहत न हों।
00
ड्रोन कैमरों से भी हुड़दंगियों पर रहेगी नजर
होली के हुड़दंगियों पर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए पूरी भूमिका तैयार कर ली गई है। जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। सारे कैमरे दुरुस्त कर लिए गए हैं। ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की जा रही। इससे लाट साहब के जुलूस के रूट व छतों पर भी निगरानी रहेगी।