कमलापुर/ सिंधौली (शाहजहांपुर)। बृहस्पतिवार रात कूड़े के ढेर से लगी आग से तीस हजार की नकदी समेत चार घरों में रखा हजारों का सामान जलकर नष्ट गो गया। पीड़ितों ने तहसील प्रशासन से सहायता दिलाने की फरियाद की है।
गांव चेना रुरिया में रामचंद्र के घर के पास किसी ने कूड़े के ढेर में आग डाल दी। रात में आग तेज हो गई और रामचंद्र का घर आग की चपेट में आ गया। रामचंद्र के घर में रखे कपड़े, 10 क्विंटल धान, गेहूं एक जोड़ी पायल और 30 हजार रुपये की नकदी जल गईं। शोर शराबा होने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच आग ने पड़ोस के ओमप्रकाश, हरीशंकर और जागेश्वर के घर को भी चपेट में ले लिया।
आग से ओमप्रकाश का एक बछड़ा जल कर घायल हो गया। इसके अलावा पांच क्विंटल धान और घर में लगी चक्की का सारा सामान जलकर राख हो गया। हरीशंकर के दो क्विंटल गेहूं, जागेश्वर के घर रखे कपड़े, अनाज सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। हरीशंकर का एक घोड़ा भी जलकर घायल हो गया। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। प्रधान पति अरविंद कुमार की सूचना पर तहसील से पहुंचे दो लेखपालों ने नुकसान का आंकलन किया और मदद कराने का आश्वासन दिया।