सभी केंद्रों के लिए--
आसाराम चाहे जितनी कोशिश करे, सजा बरकरार रहेगी
बिटिया के पिता ने कहा- ईश्वर पर है पूरा भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शहर की बिटिया से दुष्कर्म मामले में आजीवन कैद की सजा काट रहे आसाराम की सजा स्थगन की याचिका राजस्थान हाईकोर्ट की ओर से सुनवाई के लिए स्वीकार किए जाने पर बिटिया के पिता का कहना है उन्हें ईश्वर पर पूरा भरोसा है। पहले भी ईश्वर ने उनकी मदद की और आगे भी विश्वास कायम रहेगा। आसाराम चाहे कितनी ही कोशिश कर ले अब सजा बरकरार ही रहेगी। वह इससे पहले भी बाहर निकलने की कोशिश करता रहा है, हासिल कुछ नहीं हुआ। बिटिया के पिता का कहना है कि उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कि सजा होने के बाद आसाराम जेल से बाहर निकलने के लिए छटपटा रहा है। लगभग पांच वर्षों से वह तारीख पर जाने से पहले नाटक करके और मोबाइल पर मेसेज डालकर अपने साधकों को बुला लेता था। कभी हाथ हिलाकर अपने साधकों को कुछ संदेश देता था, जिससे उसके साधक भी तमाशा करने लगते थे। इससे सरकार और कोर्ट का काफी कीमती समय और पैसा भी बर्बाद हुआ। अब वह फिर इसी में लगा हुआ है।