ट्रकों की भिड़ंत में चालक की मौत, दो घायल
नेशनल हाईवे पर बिलहरी मोड़ के पास शुक्रवार रात हुई घटना
ट्रक में फंसे बरेली के चालक का निकाला गया शव
फोटो-29,हाईवे पर गांव बिलहरी मोड़ के समीप आमने सामने से भिड़े हुए ट्रक। अमर उजाला
अमर उजाला ब्यूरो
तिलहर। नेशनल हाईवे पर शुक्रवार रात बिलहरी मोड़ के पास दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। दूसरे ट्रक का चालक और हेल्पर मौके से भाग गए। पुलिस ने दोनों ट्रक कब्जे में लेने के साथ ही शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के चचेरे भाई ने ट्रक चालक व हेल्पर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव वैहरपुरा खजुरिया निवासी 32 वर्षीय यासीन पुत्र इमाम शाह फरीदपुर के गांव रजऊ स्थित सरदार के ईंट भट्ठे से ट्रक में ईंट भरकर मोहम्मदी के लिए निकला था। उसके साथ ट्रक पर हेल्पर फरीदपुर निवासी मुन्ने व इलियास भी थे। शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे वह ट्रक लेकर जैसे ही बिलहरी मोड़ के पास पहुंचा, तभी सामने से किराना का सामान लेकर आ रहे ट्रक से यामीन के ट्रक की भिड़ंत हो गई। आमने-सामने ट्रकों की भिड़ंत में यासीन सीट पर ही ईंटों से दब गया, जबकि दोनों हेल्पर घायल हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर अशोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कई घंटे की मशक्कत के बाद बमुश्किल यासीन को बाहर निकला लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकीं थीं। घायल मुन्ने व इलियास को अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों अपने घर चले गए। दूसरे ट्रक का चालक और हेल्पर भाग गया। एसआई विनोद कुमार ने बताया कि यासीन के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मृतक के चचेरे भाई इसरार अली ने ट्रक चालक व क्लीनर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।