हड़ताल को छह माह के लिए निषिद्ध घोषित किए जाने के आधार पर प्रशासन स्तर से निलंबन और एफआईआर की कार्रवाई से बेपरवाह लेखपालाें ने शुक्रवार को भी संपूर्ण कार्य बहिष्कार जारी रखते हुए खिरनीबाग के जीआईसी ग्राउंड पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना दिया। भारी वर्षा के बावजूद विभिन्न तहसीलाें के सैकड़ाें लेखपाल आंदोलन को एकजुट हुए और मालाएं पहने निलंबित लेखपालाें ने धरना देकर हड़ताल की कमान खुद संभाली।
शासन के निर्देशानुसार बर्खास्तगी के नोटिस सभी लेखपालाें को दिए जा चुके हैं, लेकिन निलंबन कार्रवाई के पहले चरण में केवल जिला व तहसील कार्यकारिणी के प्रमुख पदाधिकारियाें समेत धरना स्थल पर ज्यादा सक्रियता दिखाने वाले लेखपालाें को शामिल किया गया है। अब निशाने पर नई भर्ती के हड़ताली लेखपाल हैं और उन पर कार्रवाई की गाज कभी भी गिर सकती है। इसके बावजूद हड़ताल को लेकर लेखपालों के मनोबल में कोई कमी नहीं दिखी। धरना स्थल पर हुई सभा में लेखपाल संघ के जिला मंत्री अजय चौधरी ने कहा कि किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से डरकर लेखपाल पीछे नहीं हटेंगे।