ट्रैक पर भरा पानी, सिग्नल फेल होने से ट्रेनें प्रभावित
स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया भी बारिश में जलमग्न
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। झमाझम बारिश ने शुक्रवार को रेल गाड़ियों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया। ट्रैक पर पानी भरने और सिग्नल फेल होने की वजह से कई रेलगाड़ियों को रास्ते में रोकना पड़ा। गोविंदगंज में रेलवे का होम सिग्नल करीब तीन घंटे तक फेल रहा।
शुक्रवार सुबह से ही तेज बारिश शुरू हो गई। शहर में तमाम स्थानों के साथ स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी जल भराव हो गया। कई स्थानों पर पानी भरने से रेल की पटरियां डूब गईं। जल भराव से गोविंदगंज होम सिग्नल करीब 11 बजे फेल हो गया। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा रेलगाड़ियों को मीमो देकर गुजारा गया। तीन घंटे के बाद करीब दोपहर दो बजे सिग्नल को चालू किया जा सका। इस दौरान कई रेलगाड़ियों को आउटर पर भी रोकना पड़ा। आधा दर्जन से ज्यादा रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं।
बनारस-दिल्ली एक्सप्रेस में यात्री की हालत बिगड़ी
रोजा। बनारस-दिल्ली एक्सप्रेस में यात्री की हालत बिगड़ने पर ट्रेन को रोजा में रोकना पड़ा। कोच नंबर एस-2 की सीट नंबर 13 पर सवार वीके पासवान नाम के यात्री ने पेट और सिर में दर्द की शिकायत की थी। करीब 10:30 बजे ट्रेेन रोजा पहुंचा। यहां डॉ. संजय राय ने किशन, कुलदीप, नरेश थापा की टीम के साथ यात्री को अटेंड किया। ट्रेन को 10:45 बजे यहां से रवाना किया गया।