बिजली न मिलने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा
जैतीपुर में पांच दिनों से 22 गांवों की बिजली गुल
जेई के आश्वासन पर हुए शांत, जलालाबाद में भी रोष
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद/जैतीपुर।
भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति न होने से लोग परेशान हैं। जैतीपुर क्षेत्र में पांच दिनों से 22 गांवों की बिजली गुल होने से गुस्साएं ग्रामीणों ने मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय गेट पर जमकर हंगामा किया। जेई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इधर,जलालाबाद में अघोषित कटौती से उपभोक्ता विभाग के खिलाफ आक्रोषित है।
जलालाबाद तहसील क्षेत्र में अघोषित कटौती लोग गर्मी में बेहाल हैं। रोस्टर के मुताबिक नगर में बिजली सप्लाई का शेडयूल दोपहर सवा बजे से रात आठ बजे तक और रात नौ बजे से अपराह्न ग्यारह बजे तक का निर्धारित है परंतु मौजूदा समय बिजली सप्लाई बारह घंटे से अधिक नहीं मिल रही। रात में भी बिजली सप्लाई कई बार बाधित होती है और दिन में भी निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक सप्लाई नहीं मिल रही। इससे लोगों में विभाग के प्रति खासा रोष पनप रहा है। इधर,जैतीपुर क्षेत्र में पांच दिन पहले आई तेज आंधी से ग्रामीण क्षेत्र का बिजली नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त हो गया था। कई बिजली खंभे और तार टूट गए थे। क्षेत्र के गांव शंकरपुर, अवा, मदरुआ, कुलुआबोझ, पिटरहाई, माडा, शाहाबाद, शिवनगर, भुडिया, गौहावर, गोगेपुर, केशवपुर, मलरिया, भरई, अजमाबाद, मुडियाखेड़ा, रपड़िया, पाहरपुर, शाही, पीरी, छेद पट्टी आदि 22 गांवों में बिजली बाधित होने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ब्लॉक कार्यालय गेट पर नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे।
क्षेत्रीय प्रधान मस्ताना सिंह, महेश यादव, जीतू यादव, दाताराम सिंह, राजीव सिंह, सुनील सिंह, रमेश, जसवीर आदि लोगों ने जेई से मोबाइल पर बात की। जेई ने जल्द सप्लाई चालू होने का आश्वासन दिया तब जाकर लोग शांत हुए। उन्होंने कहा यदि बिजली सप्लाई जल्द ठीक नहीं हुई तो बिजली घर पर तालाबंदी की जाएगी।