केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कृष्णाराज ने सोमवार को अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर जनसमस्याएं सुनीं और उनका समाधान कराने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान सर्वाधिक शिकायतें गन्ना की पर्ची नहीं मिलने और गेहूं तौल नहीं होने की सामने आईं।
राज्यमंत्री को लधौला निवासी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 18 जून को है और उनका लगभग 50 हजार रुपये डालमियां चीनी मिल निगोही पर बकाया है, जिसका भुगतान नहीं मिल रहा। जबकि उनकी एक पर्ची 23 मार्च से भुगतान को लंबित है। इसके अलावा कई किसानों ने बताया कि केंद्रों पर गेहूं की तौल नहीं हो रही, सिर्फ टोकन देकर टरका दिया जाता है। इस पर राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से बात करके तौल कराने का आश्वासन दिया। गांव अरेली निवासी हुकुम सिंह ने बताया की ढाई साल पहले की विद्युत मोटर की कनेक्शन की रसीद है, सिक्योरिटी रसीद भी कट गयी, लेकिन अभी तक जेई निगोही सामान नहीं दे रहे है, जिससे खेत में सिंचाई के अभाव में गन्ना सूख रहा है। इस पर कृष्णाराज ने अपने निजी सहायक सूरज तिवारी को जेई से बात कर समस्या का समाधान कराने को कहा। इस क्रम में गनपतपुर की मंजू देवी ने कोटे का खाद्यान्न नहीं मिलने, कोनायाकूबपुर निवासी श्याम सुंदर सिंह ने पंजाब नेशनल बैंक शाखा जलालाबाद पर ऋण माफी का लाभ नहीं दिए दिए जाने की शिकायत की।