शाहजहांपुर। मिशन परिवार विकास कार्यक्रम के तहत पुरुष नसबंदी पखवाड़ा सफल बनाने के लिए डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को कैंप कार्यालय में जन जागरूकता के लिए सारथी वाहन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के उपायों को प्रभावी करने के साथ उनके प्रति लोगों में जागरूकता लाकर मिशन परिवार विकास की अवधारणा को साकार किया जा सकेगा। डीएम ने सीएमओ डॉ. आरपी रावत समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को चार दिसंबर तक प्रभावी रहने वाले पुरुष नसबंदी पखवाड़ा की सफलता के लिए तैयार किए गए माइक्रो प्लान के अनुरूप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नसबंदी कैंप लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि नसबंदी पुरुषोें के लिए परिवार नियोजन का स्थायी उपाय है। यह बिना चीरा-टांका के दस मिनट में होने वाला आपरेशन है। उन्होंने बताया कि पखवाड़ा के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलालाबाद में मंगलवार को, पुवायां व तिलहर में 29 नवंबर को, बंडा में 30 को, निगोही में एक दिसंबर को, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिर्जापुर में दो दिसंबर को और जिला पुरुष चिकित्सालय में चार दिसंबर को नसबंदी कैंप लगाए जाएंगे। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि सारथी वाहन में संबंधित विकास खंड की एएनएम की ड्यूटी लगाएं और आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी वर्कर के माध्यम से एक-एक पुरुष नसबंदी केस अनिवार्य रूप से अस्पताल भिजवाएं।
उन्होंने कहा कि एएनएम के माध्यम से गांव-गांव में पुरुषों को नसबंदी के लिए जागरूक करें। साथ ही महिलाओं को अंतरा त्रैमासिक गर्भ निरोधक इंजेक्शन और छाया साप्ताहिक गर्भ निरोधक गोली की जानकारी देकर यह भी बताएं कि यह सुविधाएं स्तनपान कराने वाली महिलाआें के लिए पूरी तरह सुरक्षित और सरकारी अस्पतालों में निशुल्क उपलब्ध हैं। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी सीएमओ डॉ. लक्ष्मण सिंह, यूनिसेफ प्रतिनिधि हुदा जैहरा, डीपीएम केके शर्मा, नवीन कुमार, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे।