शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर जनपद के परिषदीय स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बुधवार को अवकाश लेकर शहर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर धरना दिया। बाद में प्रदर्शन करते हुए वह कलक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित 16 सूत्री ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया।
प्रांतीय आह्वान पर हजारों शिक्षकों ने सुबह से ही जीआईसी मैदान पर हल्की बूंदाबांदी के बीच सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मैदान में जुटने लगे थे। धरना स्थल पर साथियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि शासन ने पुरानी पेंशन योजना से शिक्षकों को वंचित कर वृद्धावस्था का सहारा छीन लिया है। संघ प्रत्येक दशा में पुरानी पेंशन योजना बहाल कराकर ही दम लेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की एक वर्ष की सेवा अवधि के उपरांत गृह जनपद भेजने की व्यवस्था की जाए और राज्य कर्मचारियों की तर्ज पर सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएं।
जिला मंत्री देवेश बाजपेई ने कहा कि बहुत उम्मीदों के साथ प्रदेश के शिक्षकों ने समर्थन देकर भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया और आज भी शिक्षकों को आशा है कि जल्द ही सरकार शिक्षकों की मांगे पूर्ण करेगी। मीडिया प्रभारी राजकुमार तिवारी ने कहा कि शिक्षक काफी समय से हक की आवाज उठा रहा है और आज मजबूर होकर ही आंदोलन की राह पर चलना पड़ा है।
जिला उपाध्यक्ष सरताज अली के संचालन में हुई सभा में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुनीश मिश्र, कोषाध्यक्ष नीरज मिश्र, नवेंदु मिश्र, प्रेमपाल गंगवार, रविंद्र प्रजापति, अरुण भदौरिया, कवित कुमार, आदेश अवस्थी, अरविंद सिंह, यशपाल सिंह, केके सिंह, जुवैर आलम, योगेंद्र सिंह, विनय गुप्ता, इमरान सईद, प्रशांत अहूजा, विशाल लामा, अर्चना श्रीवास्तव, संगीता रस्तोगी, पुष्पलता, सीमा सिंह, अर्चना तिवारी, सुषमा गुप्ता आदि ने भी विचार व्यक्त कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना के बाद सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं नारेबाजी करते हुए खिरनीबाग चौराहे पर पहुंचे और चौराहे पर जोरदार नारेबाजी कर जाम लगा दिया। प्रदर्शन में शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा किया। धरना-प्रदर्शन में आनंद बिहारी बाजपेई, मसूद कमाल, दाताराम, आदेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, अरविंद त्रिपाठी, आलोक अवस्थी, प्रदुम्न सिंह, दिनेश आनंद, शिवकुमार, नीरज शुक्ला, नरमन कुमार, मुदित सेठ, राजकुमार सिंह, विकास मिश्र, बलवीर सहाय, शिवकिशोर मिश्र, अभिनय मिश्र, अरविंद गौतम, राहुल तोमर, आशुतोष मिश्र, राजकुमार, पंकज पांडेय, प्रदीप सिंह समेत सैकड़ों शिक्षक एवं शिक्षिकाएं शामिल रहे।