शाहजहांपुर। विकास भवन सभागार में मंगलवार को हुई सिंचाई बंधु की बैठक काफी हंगामेदार रही। अधिकारियों के न पहुंचने और सींचपाल पर कातिलाना हमले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई न होने से नाराज सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने सदस्यों को काफी समझाया। इसके बाद भी बैठक में कार्रवाई ठप रही। कई सदस्य अधिकारियों के न आने से और कुछ सींचपाल पर कातिलाना हमले में पुलिस की मनमानी कार्रवाई से नाराज थे।
शारदा नहर खंड के सींचपाल विवेक मिश्रा से रविवार को निगोही थाने के गांव जिंदपुरा में दबंगों ने उस समय मारपीट की थी जब वह नहर कटिंग की मरम्मत करा रहे थे। सींचपाल की तहरीर पर पुलिस ने गांव धुल्लिया के सुरेंद्र और एक नामजद के खिलाफ मामूली धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सींचपाल हमले में घायल हुए थे। उन्होंने कातिलाना हमले का आरोप लगाया था। इसके बावजूद आरोपियों पर कातिलाना हमले की धाराएं नहीं लगाई गईं। सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई सिंचाई बंधु की बैठक में सींचपाल ने यह मामला उठाया। इस पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर हंगामा शुरू हो गया। कुछ सदस्यों ने अधिकारियों के बैठक में न पहुंचने का भी मुद्दा उठाया। विजय प्रेमी, फकीरे लाल, हृदेश पांडेय, जितेंद्रपाल सिंह, शिव कुमार, वेद प्रकाश आदि ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। एक्सईएन शारदा नहर खंड आरके वर्मा ने भी सदस्यों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान बैठक की कार्रवाई ठप रही।
बैठक के बाद सदस्यों की मांग पर एक्सईएन आरके वर्मा ने एसपी को पत्र लिखकर सींचपाल पर कातिलाना हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि कड़ी कार्रवाई न होने से सींचपालों में डर बना हुआ है। रजवाहों की मरम्मत के लिए सींचपाल मौके पर जाने से इंकार कर रहे हैं। इससे नहर खंड के कई माइनरों में पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
एसओ बोले, आरोप निराधार
एसओ निगोही वीरेंद्र प्रसाद का कहना है कि सींचपाल विवेक मिश्रा ने जो तहरीर दी थी उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। पुलिस पर मनमाने ढंग से रिपोर्ट दर्ज करने संबंधी आरोप निराधार हैं। विवेक मिश्रा का मेडिकल भी कराया गया था। नियमानुसार आरोपियों पर जो कार्रवाई होनी चाहिए थी वही कार्रवाई की गई है।