खुटार/बंडा। डीएम अमृत त्रिपाठी ने एसपी डॉ. एस चिन्नप्पा के साथ सोमवार को खुटार और बंडा में परीक्षा केंद्रों का मुआयना किया तो केंद्रों पर व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। नाराज डीएम ने केंद्र पर व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की रिपोर्ट लगाने वाले कर्मचारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को डीएम खुटार के गांव इटौआ में मां विद्यावती इंटर कॉलेज पहुंचे। कॉलेज की बाउंड्री में दरवाजा लगा होने पर डीएम ने नकल कराए जाने का शक जाहिर करते हुए दरवाजे को बंद कराने का निर्देश दिए। प्रधानाचार्य सर्वजीत वर्मा से जन्म तिथि पूछने के बाद डीएम ने डीआईओएस को उनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच करने को कहा। डीएम ने कहा कि जिस कर्मचारी ने केंद्र के सभी मानक सही दिखाए हैं उसकी भी जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के साथ ही कालेज की मान्यता प्रत्यार्पण की कार्रवाई के साथ ही एफआईआर भी दर्ज कराई जाए। डीएम ने सीसीटीवी कैमरे, हैंडपंप, शौचालय आदि का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद डीएम ने बंडा के गांव बरीबरा में गुरु गोविंद सिंह इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। कॉलेज में बिजली का कनेक्शन नहीं मिला। स्कूल परिसर के पीछे बाउंड्री न होने से डीएम ने कहा कि कॉलेज को परीक्षा केंद्र कैसे बनाया गया है। कालेज के कमरों में न तो फर्श थी और न ही दीवारों पर प्लास्टर मिला। कमरों में अंधेरा दिखने पर डीएम ने कहा कि इसे गोशाला बना देना चाहिए। डीएम ने प्रधानाचार्य सियाराम शास्त्री को फटकार लगाते हुए कहा कि दो दिन में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त हो जानी चाहिए।