शाहजहांपुर/रोजा। पुलिस थाने की आसपास की दुकानें भी अब चोरों से महफूज नहीं। रोजा में चोरों ने थाने के पास ही एक ज्वेलरी की दुकान को निशाना बना डाला। चोरी की वारदात को अंजाम देकर जा रहे चोरों को थाना सदर बाजार कोतवाली पुलिस ने सूचना पर रामनगर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई बैटरी और आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कपड़े, नकदी आदि सामान बरामद किया। उन्होंने अन्य घटनाओं को भी कबूल किया है।
थानाध्यक्ष केपी सिंह टीम के साथ सोमवार रात गश्त पर थे, तभी सूचना मिलने पर रामनगर तिराहे के पास से थाना सदर बाजार कोतवाली के मोहल्ला शांतिपुरम कॉलोनी निवासी निसार उर्फ इकरार, रफीक उर्फ मोनी, निगोही क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी कुरकुर उर्फ सतराज को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर तीनों के पास से नकदी के तौर पर कुल 1325 रुपये, तीन मोबाइल, तीन जोड़ी सूट के कपड़े, एक कार की बैटरी, आर्टिफिशियल पीली धातु की ज्वेलरी, एक छोटी डीवीडी बरामद की। तीनों ने चोरी की घटनाओं को कबूल करते हुए बताया कि उन लोगों ने एक न्यायिक अधिकारी की कार से लगभग 20 दिन पहले चोरी की थी। इसके अलावा रोजा में बलराम ज्वैलर्स की दुकान जो कि थाने के पास है उसमें सोमवार रात छत की टीन हटाकर चोरी की। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए लोगों के पास से चोरी किया हुआ माल बरामद कर लिया है। तीनों के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उनको जेल भेज दिया गया। वहीं रोजा में बलराम की तहरीर पर पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।