शाहजहांपुर। डाउन सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसी-टू टियर कोच में एक्सल गर्म होने के मामले में शाहजहांपुर कैरिज एंड वैगन (सीएंडडब्ल्यू) विभाग की चूक भी सामने आई है। गोरखपुर से आई उच्च स्तरीय टीम ने सोमवार को शाहजहांपुर स्टेशन पहुंच कर संबंधितों के बयान दर्ज किए। रविवार को टीम ने रोजा में खड़े कोच की पड़ताल की थी।
आनंद विहार टर्मिनल से रक्सौल जाने वाली डाउन-15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसी-टू टियर कोच नंबर ईसी-13029 में शनिवार/रविवार रात एक्सल गर्म होने से आग लगते-लगते बची थी। एक्सल गर्म तिलहर-शाहजहांपुर के बीच हुआ था। गार्ड वाईएन पांडेय ने इसकी सूचना शाहजहांपुर पावर केबिन को दी थी। आठ जून की रात सत्याग्रह एक्सप्रेस रात करीब एक घंटा की देरी से 12:30 बजे शाहजहांपुर पहुंची थी। यहां सीएंडडब्ल्यू विभाग की टीम ने जांच पड़ताल के बाद एक्सल गर्म होने के बावजूद कोच को ओके कर दिया। ट्रेन को करीब 12:45 बजे शाहजहांपुर से रवाना कर दिया गया। रोजा पहुंचने से पहले एक्सल से फिर चिंगारी निकलने लगीं। कोच में भी धुआं आ गया। रोजा में ट्रैन को स्टॉपेज देकर कोच अलग किया गया। रात में ही बरेली से दूसरा कोच मंगाकर शनिवार तड़के करीब 5:45 बजे ट्रेन को रवाना किया जा सका। पूरे मामले में जांच पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय की टीम कर रही है। रविवार को तकनीकी टीम के ओम प्रकाश मिश्रा और सतेंद्र कुमार ने कोच की जांच-पड़ताल करने के बाद सोमवार को शाहजहांपुर में सीएंडडब्ल्यू विभाग के बयान दर्ज किए।
सत्याग्रह एक्सप्रेस का एक्सल गर्म होने के मामले में जांच उच्च स्तरीय टीम कर रही है। टीम ने शाहजहांपुर में भी संबंधितों के बयान दर्ज किए हैं। फिलहाल जांच चल रही है।
- मनोज कुमार, स्टेशन अधीक्षक