पुवायां (शाहजहांपुर)। भाकियू कार्यकर्ता सोमवार को किसानों की समस्याओं का निस्तारण नहीं करने का आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए और नारेबादी करते हुए प्रदर्शन किया। तहसीलदार और सीओ ने आठ दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया तो कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह की अगुवाई में किसानों ने सोमवार से एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। अजीत सिंह ने कहा कि आवारा पशुओं को पकड़वाकर गौशाला भिजवाए जाने, पुवायां तहसील में चकबंदी कराए जाने, गन्ने का बकाया भुगतान दिलाए जाने, नलकूपों और नालियों की मरम्मत कराए जाने, सूखे तालाबों को भरवाए जाने, गांवों में खराब हैंडपंप सही कराए जाने सहित तमाम मांगों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सीओ प्रवीण कुमार यादव, तहसीलदार प्रभाकर त्रिपाठी धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों को आश्वासन दिया कि समस्याओं पर आठ दिन में कार्रवाई की जाएगी। किसानों ने अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष अनिल सिंह यादव, श्रीकृष्ण जाटव, हरविंदर सिंह, प्रदीप, संजीव अवस्थी आदि रहे।
बंडा में भाकियू ने सौंपा ज्ञापन
बंडा। भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मंजीत सिंह के नेतृत्व में सोमवार को किसानों ने बीडीओ को ज्ञापन देकर बंडा ब्लाक में वर्षों से तैनात सचिवों का तबादला किए जाने, गोशाला के नाम पर रुपये निकाल कर भ्रष्टाचार करने और आवारा पशुओं के फसलों को नष्ट करने की जांच कराए जाने, भूगर्भ जलस्तर की समस्या से निपटने के लिए हैंडपंप लगवाए जाने, स्ट्रीट लाइट घोटाले में रिकवरी कराए जाने की मांग की गई है।