शाहजहांपुर। ओवरहेड हाईटेंशन लाइन का केबल टूट जाने से सोमवार सुबह सिविल लाइंस, कचहरी और सेठ एन्क्लेव कालोनी जैसे पॉश इलाकों में बिजली संकट पैदा हो गया। फाल्ट ठीक होने में तीन घंटे लग जाने से भीषण गर्मी में लोग बिजली के बगैर परेशान हो उठे। बिजली संकट से सरकारी और निजी कार्यालयों मेें रोजमर्रा का कामकाज भी प्रभावित हुआ। यही नहीं, बिजली की खपत बढ़ने के साथ लाइनों पर ओवरलोडिंग से सप्लाई के दौरान उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जेसी अन्य कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बहादुरगंज उपकेंद्र से विकास भवन तक आई 11 केवी की लाइन खुले तारों वाली है। कचहरी केे एकेसी तिराहा के पास लगे पोल से इस लाइन को रोड क्रॉस कराने के लिए केबिल वाली बंच लाइन में बदला गया है। इसी लाइन से सिविल लाइंस साउथ, सेठ एन्क्लेव कालोनी और इंदिरानगर (आंशिक) के करीब चार सौ घरों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, बैंकों आदि को बिजली मिलती है। सुबह करीब नौ बजे पोल से बंच लाइन के ज्वाइंट गर्म होकर टूट गए। क्षेत्र के लोगों से सूचना पाकर उपकेंद्र से लाइन स्टाफ ने मौके पर जाकर तार जोड़े और करीब पौन घंटे बाद सप्लाई चालू हो गई।
कर्मचारियों को फाल्ट ठीक किए मुश्किल से दस मिनट हुए होंगे कि बंच केबल दोबारा पोल के पास गर्म होकर टूट गया। इस बार भी सब स्टेशन पर इत्तला दी, लेकिन तब तक उपकेंद्र के फील्ड कर्मचारी एक अन्य लाइन की पेट्रोलिंग को निकल चुके थे। नतीजा यह हुआ कि दोपहर तक प्रभावित क्षेत्र के लोग भीषण गर्मी मेें बिजली संकट से परेशान रहे। दोबारा सीढ़ी लेकर पहुंचे लाइन स्टाफ ने दोपहर 12 बजे लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल की। बहादुरगंज के प्रभारी अवर अभियंता मनीष कुमार के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में क्षमता से अधिक बिजली भार पड़ने से लाइन बार-बार टूट रही है और स्टोर में सामान उपलब्ध होने पर लाइन बदलने का काम कराया जाएगा।