शाहजहांपुर/रोजा। मेन डाउन लाइन पर रेल पटरी में फ्रैक्चर होने से रेल हादसा होने से बच गया। समय रहते की मैन की नजर टूटी हुई पटरी पर पड़ गई। उसने अधिकारियों को जानकारी दी। तुरंत की लाइन ब्लॉक कर ट्रेनों को लूप लाइन से पास किया जाने लगा। बाद में फ्रैक्चर को दुरुस्त किया गया।
आंझी शाहबाद स्टेशन के पास किलोमीटर संख्या 1207/30-32 के पास शनिवार सुबह किसी वक्त डाउन लाइन में ज्वाइंट फ्रैक्चर हो गया। यहां ड्यृटी पर की-मैन परवेज था। उसकी नजर सुबह करीब छह बजे ज्वाइंट फ्रैक्चर पर पड़ी। इस बारे में सूचना अधिकारियों को दी। मेन डाउन लाइन को ब्लॉक कर ट्रेनों का संचालन लूप लाइन से शुरू कर दिया गया। बाद में ट्रैक को दुरुस्त कर संचालन सामान्य हुआ। हालांकि, इससे कोई ट्रेन प्रभावित नहीं हुई। डीओएम प्रभाष राघव ने बताया कि मामूली ज्वाइंट फ्रैक्चर हुआ था। उसे ठीक कर लिया गया है। ट्रेनों के संचालन पर किसी तरह का प्रभाव नहीं पड़ा है।
रद्द रही अप सियालदह-आनंद विहार एक्सप्रेस
शाहजहांपुर। बिहार के दानापुर रेल मंडल में इंटरलॉकिंग और अपग्रेटिंग का काम शुरू होने के बाद ट्रेनों के निरस्तीकरण का काम शुरू हो गया है। अप 13119 सियालदह-आनंद विहार सियालदह एक्सप्रेस को शनिवार को रद्द कर दिया गया। यह ट्रेन 11, 15 और 18 जून को भी निरस्त रहेगी। इसके अलावा अप 22355 पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस को 10, 13, 17 और 20 जून को रद्द किया गया है। डाउन 22356 में यह ट्रेन 11, 14, 18 और 21 जून को नहीं चलेगी। ब्यूरो