हाईस्कूल परीक्षा में एक विषय में कम नंबर आने और फेल होने वाले छात्रों को एक अवसर और देने के लिए शहर के राजकीय इंटर कालेज में बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट की परीक्षा आयोजित की गई। इस दौरान विभिन्न कारणों से 17 परीक्षार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे। इस बीच, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलाकर पांडेय ने जीआईसी केंद्र का निरीक्षण करके परीक्षा की शुचिता जांची।
जीआईसी के प्रधानाचार्य टीआर वर्मा ने नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लिए सभी विषयों के 173 परीक्षार्थियों को छह कमरों में समायोजित करके 12 कक्ष निरीक्षकों की नियुक्ति की। यही नहीं, माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश के अनुरूप चार सचल दल भी गठित किए। सचल दलों ने सुबह 7.30 बजे परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर उन्हें कक्षों में भेजा।
खास यह रही कि इस परीक्षा में केवल 156 परीक्षार्थी शामिल हुए। सचल दलों की निगरानी और कड़ी सुरक्षा के कारण दिन में 10.45 बजे परीक्षा समाप्त होने तक कोई गड़बड़ी प्रकाश में आई। निरीक्षण करने पहुंचे डीआईओएस पांडेय ने इसके लिए प्रधानाचार्य की व्यवस्थाओं की सराहना भी की। बाद में कॉपियां सील करके मूल्यांकन के लिए यूपी बोर्ड से निर्धारित केंद्र पर भेज दी गईं।