भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। आरसी मिशन थाने के गांव रौसर कोठी में बिजली के तारों में स्पार्किंग से निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया। भीषण अग्निकांड में छह दुकानें राख हो गईं। आग में जलकर लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है। रोजा मिल की फायर ब्रिगेड चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी।
भावलखेड़ा ब्लॉक में बिजली की लाइनें कई जगह काफी जर्जर हो चुकी हैं। कई स्थानों पर लाइनें नीचे झूल रही हैं। बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे रौसर कोठी में जर्जर लाइन के तारों में स्पार्किंग से निकली चिंगारी सुरजीत की मोबाइल शॉप पर जा गिरी। तापमान ज्यादा होने और कड़ी धूप, तेज हवा से आग ने विकराल रूप ले लिया। एक-एक कर आग ने छह दुकानों को चपेट में ले लिया। आग से सुरजीत की दुकान में रखी नौ हजार की नकदी, फर्नीचर समेत करीब 20 हजार का नुकसान हुआ है। प्रदीप की कोल्ड ड्रिंक शॉप मे फ्रिज, फर्नीचर समेत 80 हजार, रमेश की चाय की दुकान, सुखराम की मिठाई की दुकान में काउंटर, वारदाना, 10 हजार नगद समेत करीब 1.50 लाख, मोहित किराना स्टोर में फर्नीचर, नगदी समेत एक लाख, संजय मोबाइल शॉप में करीब 80 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया। ग्राम प्रधान पुत्र संजीव मिश्रा का आरोप है कि बिजली की जर्जर लाइनों से हादसे की आशंका जताते हुए कई बार बिजली विभाग से शिकायत की गई। लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने अग्निकांड के लिए बिजली कर्मियों की लापरवाही को जिम्मेदार बताया है।