शाहजहांपुर। डाउन सत्याग्रह एक्सप्रेस में महिला को ट्रेन के सीतापुर पहुंचने से पहले प्रसव पीड़ा होने लगी। इस बारे में गार्ड ने कंट्रोल को बताया। बृहस्पतिवार तड़के करीब 3.25 बजे ट्रेन को सीतापुर में रोका गया। यहां महिला को उतारने के बाद अस्पताल भेजा गया। वहां उसने बच्चे को जन्म दिया।
डाउन 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस बुधवार रात करीब 1.20 घंटे देरी से 12.55 बजे शाहजहांपुर स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन के कोच नंबर 12731 में गोरखपुर जाने के लिए मीरा श्रीवास्तव नाम की महिला सवार हुई। शाहजहांपुर से चलने के बाद ट्रेन ने दो मिनट के लिए रोजा में स्टॉपेज लिया। यहां से करीब 1.15 बजे सत्याग्रह एक्सप्रेस सीतापुर की ओर चली। इसी दौरान मीरा को प्रसव पीड़ा होने लगी। परिवार वालों ने गार्ड को सूचना दी। रास्ते में ट्रेन का कोई स्टॉपेज नहीं था। गार्ड ने सूचना कंट्रोल को दी। इसके बाद आरपीएफ-जीआरपी हरकत में आ गईं। करीब 3.25 बजे ट्रेन सीतापुर पहुंची। यहां आरपीएफ-जीआरपी पहले से अलर्ट थी। ट्रेन रुकने पर मीरा श्रीवास्तव को अस्पताल पहुंचाया गया। इंस्पेक्टर आरपीएफ डीके सिंह ने बताया कि महिला ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया है। दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।