शाहजहांपुर/रोजा। प्वाइंट में तकनीकी खराबी से सिग्नल रिले ठप हो गई। इसे ठीक करने में दो घंटे का समय लग गया। इस दौरान पद्मावत एक्सप्रेस, सुपरफास्ट दूरंतो एक्सप्रेस और जनसाधारण एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा। पांच बजे सिग्नल दुरुस्त होने के बाद डाउन लाइन पर यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान अटसलिया रेल क्रॉसिंग भी बंद रहा। इससे क्रॉसिंग पर वाहनों की कतारें लग गईं।
रोजा यार्ड में बृहस्पतिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे प्वाइंट नंबर 299 में तकनीकी खराबी आ गई। पावर केबिन से प्वाइंट रिले ठप होने से सिग्नल भी फेल हो गया। सिग्नल फेल होने से डाउन 14208 पदमावत एक्सप्रेस को अटसलिया पर रोकना पड़ा। करीब 25 मिनट 12430 दूरंतो सुपरफास्ट शाहजहांपुर में और 20 मिनट तक 14604 आईअीआई मोहम्मदी सिग्नल पर खड़ी रही। दो घंटे तक रोजा यार्ड में गुड्स ट्रेन भी रोक दी गईं। सिग्नल फेल होने के बारे में जानकारी होने पर सिग्नल और दूर संचार विभाग की टीमें जुट गईं। पता लगा कि प्वाइंट नंबर 299 में कोई लोहे की पत्ती फंसी हुई है। इससे सिग्नल रिले नहीं हो रहा। तकनीकी टीम ने काम चालू कर दिया। इस बीच रेलगाड़ियों को कॉलिंग ऑन पर पास किया गया। सिग्नल विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर एसके खरे की टीम ने सिग्नल को दुरुस्त किया। शाम करीब पांच बजे डाउल लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन सामान्य हो सका।